कठिन नहीं कोई भी काम, हर काम संभव है। मुश्किल लगे जो मुकाम, वह मुकाम संभव है - डॉ. पवनेश।

गोपाल बोरा को मिलेगा गंगा अधिकारी स्मृति नाटक लेखन पुरस्कार

गोपाल बोरा को मिलेगा गंगा अधिकारी स्मृति नाटक लेखन पुरस्कार 2021

    अल्मोड़ा, इस वर्ष का गंगा अधिकारी स्मृति नाटक लेखन पुरस्कार कुमाउनी लेखक गोपाल बोरा को दिया जायेगा। इस नाटक लेखन पुुुरस्कार हेतु चयनित समिति के सदस्यों द्वारा विचार-विमर्श के बाद श्री गोपाल बोरा (बागेश्वर) का नाम घोषित किया गया। श्री बोरा को यह पुरस्कार कुमाउनी भाषा, साहित्य एवं संस्कृति प्रचार समिति कसारदेवी, अल्मोड़ा व ‘पहरू’ मासिक पत्रिका द्वारा आगामी 25, 26, 27 दिसम्बर 2021 को बागेश्वर में आयोजित होने वाले तीन दिनी राष्ट्रीय कुमाउनी भाषा सम्मेलन में दिया जायेगा। पुरस्कार के रूप में उन्हें पांच हजार एक सौ रू० की नकद धनराशि, अंगवस्त्र व प्रशस्ति पत्र प्रदान किया जायेगा। 

पुरस्कार के विषय में-

गंगा अधिकारी स्मृति नाटक लेखन पुरस्कार

     गंगा अधिकारी स्मृति नाटक लेखन पुरस्कार की शुरुआत वर्ष 2019 से हुई। यह पुरस्कार खड़गपाल सिंह अधिकारी (केपी. एस. अधिकारी) ने अपनी पत्नी की याद में शुरू किया है। त्रिसदस्यीय पुरस्कार चयन समिति के निर्णय के आधार पर विजेता को पुरस्कार के रूप में पांच हजार एक सौ रू० की नकद धनराशि, अंगवस्त्र व प्रशस्ति पत्र कुमाउनी भाषा, साहित्य एवं संस्कृति प्रचार समिति कसारदेवी व पहरू मासिक पत्रिका के माध्यम से प्रदान किया जाता है। वर्ष 2019 में यह पुरस्कार कुमाउनी नाटककार नवीन जोशी ‘नित्यम्’ को प्रदान किया गया था।

विजेता के विषय में-

गोपाल बोरा

     गोपाल बोरा कुमाउनी के सक्रिय लेखक हैं। 30 दिसंबर, 1958 को बागेश्वर के बिलौनासेरा गाँव में जन्मे गोपाल बोरा कुमाउनी में कविता, कहानी, लेख, नाटक आदि विधाओं में लेखन करते हैं। उनकी धार्मिक नाटकों की पुस्तक ‘नौ रत्न’ इसी वर्ष प्रकाशित हुई है। इस पुस्तक में श्री वक्रतुण्ड अवतार, बागनाथ, ताड़का वध, अहिल्या उद्धार, जनक, सूपर्णखा नासिका भंग, कबंध उद्धार, सती सुलोचना, अग्नि परीक्षा कुल 9 नाटक संगृहीत हैं। गोपाल बोरा की रचनाएँ पहरू मासिक पत्रिका में निरंतर प्रकाशित होती रहती हैं। 

Share this post

Add a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!